24 News Update बाड़मेर। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत ने युवकों को सलाखों तक पहुँचा दिया। बाड़मेर जिले के सेड़वा थाना क्षेत्र में एक इन्फ्लुएंसर ने इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए बिजली विभाग को झूठी सूचना देकर सप्लाई बंद करवाई और फिर ट्रांसफार्मर पर चढ़कर कॉमेडी वीडियो शूट किया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ऐसे रचा गया नाटक
शोभाला दर्शन गांव निवासी लूणाराम जांगिड़ उर्फ यश, जो इंस्टाग्राम पर ‘यश सुथार’ नाम से वीडियो बनाता है और जिसके 4.76 लाख फॉलोअर्स हैं, ने 15 अगस्त को एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें बिजली कटने, ट्रांसफार्मर में खराबी और मरम्मत का नाटक दिखाया गया। एक दृश्य में वह ट्रांसफार्मर से गिरता है और अगले पल “कंकाल” बनकर नजर आता है।
डिस्कॉम को गुमराह कर लिया शटडाउन
जांच में सामने आया कि लूणाराम के साथी ने सब-स्टेशन पर फोन कर स्पार्किंग की फर्जी सूचना दी। इस पर कर्मचारी ने बिजली बंद कर दी। इसी दौरान युवकों ने ट्रांसफार्मर पर चढ़कर वीडियो शूट कर लिया और बाद में सप्लाई बहाल करवाई। वीडियो वायरल होने पर सेड़वा के एईएन अनिल विश्नोई ने शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने लूणाराम समेत चार लोगों को बीएनएस की धारा 189 में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उन्हें जमानत मिल गई।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कृत्य विभाग की छवि को धूमिल करते हैं और किसी बड़ी दुर्घटना का कारण भी बन सकते थे।

