24 News Update भीलवाड़ा। भीलवाड़ा शहर में प्रसिद्ध ब्रांड ‘रेमंड’ के नाम से नकली कपड़ा तैयार करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने प्रताप नगर थाना क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री पर शनिवार को दबिश दी, जहां से बड़ी मात्रा में डुप्लीकेट कपड़ा बरामद किया गया। कार्रवाई शाम करीब 5 बजे तक जारी रही और मौके से भारी मात्रा में नकली ब्रांडिंग वाला कपड़ा जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई कंपनी के प्रतिनिधियों की शिकायत के बाद की गई। सीओ सिटी सज्जन सिंह ने बताया कि रेमंड कंपनी के प्रतिनिधि सलीम खान और संदीप पारख ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि रीको थर्ड फेज क्षेत्र में लबाना सूटिंग नाम से संचालित फैक्ट्री में रेमंड ब्रांड के नाम से डुप्लीकेट कपड़ा तैयार किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने टीम गठित कर फैक्ट्री पर छापा मारा। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो फैक्ट्री में मशीनों पर नकली कपड़ा तैयार किया जा रहा था और उस पर अवैध रूप से रेमंड ब्रांड की टैगिंग की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में नकली सेलवेज और ब्रांडेड टैगिंग वाला कपड़ा मिला, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा और पूरे परिसर की तलाशी ली गई। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि तैयार किया गया नकली कपड़ा किन-किन बाजारों में सप्लाई किया जा रहा था और इस नेटवर्क से जुड़ी अन्य फैक्ट्रियां या लोग कौन-कौन हैं।
भीलवाड़ा में नकली ‘रेमंड’ कपड़ा बनाने वाली फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, बड़ी मात्रा में डुप्लीकेट माल जब्त

Advertisements
