उदयपुर। जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झाड़ोल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चोरी के मामले में पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई पुलिस की सक्रियता और तकनीकी निगरानी का परिणाम मानी जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल एवं वृताधिकारी विवेक सिंह के सुपरविजन में झाड़ोल थानाधिकारी फेलीराम मीणा के नेतृत्व में टीम ने आसूचना और तकनीकी सहयोग से आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार प्रकरण संख्या 182/2015, सरकार बनाम प्रभु व अन्य में न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंट के तहत आरोपी मोतीलाल पुत्र प्रभुलाल (34) निवासी नाला बड़ा, थाना फलासिया, जिला उदयपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस की पकड़ से बचता फिर रहा था।
टीम ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को राजसमंद जिले के आमेट थाना क्षेत्र के गांव खारा से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्यों की अहम भूमिका रही, जिनमें सहायक उप निरीक्षक शंकरलाल, कांस्टेबल भुराराम, जितेन्द्र एवं लक्ष्मीलाल शामिल रहे। विशेष रूप से कांस्टेबल भुराराम और जितेन्द्र की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

