Site icon 24 News Update

उदयपुर में पटवारी भर्ती 2025: 23 से 25 फरवरी तक दस्तावेज सत्यापन अनिवार्य

Advertisements

उदयपुर, 22 फरवरी। पटवारी सीधी भर्ती प्रतियोगी परीक्षा-2025 में अंतिम रूप से चयनित उन अभ्यर्थियों को, जिन्हें राजस्व मण्डल अजमेर द्वारा पदस्थापन के लिए उदयपुर जिला (टीएसपी एवं नॉन-टीएसपी) आवंटित किया गया है, 23 फरवरी से 25 फरवरी तक जिला स्तर पर दस्तावेज सत्यापन के लिए अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।

दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित भू-अभिलेख अनुभाग, कक्ष संख्या 251 में कार्यालय समय के दौरान संपन्न होगी। जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथियों में उपस्थिति नहीं देने वाले अभ्यर्थियों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर नियुक्ति आदेश और बंधपत्र (बॉन्ड) का प्रारूप अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थियों को सत्यापन के समय मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, पुलिस विभाग का चरित्र सत्यापन प्रमाण-पत्र तथा राज्य सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप में अनुबंध पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। साथ ही सभी मूल दस्तावेज जांच के लिए साथ लाना आवश्यक है।

जिला कलेक्टर नमित मेहता ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन के बाद चयनित अभ्यर्थियों को 26 फरवरी को देबारी स्थित पटवार प्रशिक्षण विद्यालय में प्रशिक्षण हेतु उपस्थित होना होगा। यदि कोई अभ्यर्थी 24 मार्च तक प्रशिक्षण के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसके नियुक्ति आदेश निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version