उदयपुर, 12 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को लेकर उदयपुर जिले में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन जिला परिषद सदस्य पद के लिए 47 प्रत्याशियों ने 48 नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि जिले की 10 पंचायत समितियों में 289 उम्मीदवारों ने 292 पर्चे भरे। दूसरी ओर, जिला प्रशासन ने मतदान दलों के लिए ठहरने, भोजन, पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी करते हुए अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल के अनुसार, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए सोमवार को झाड़ोल में 29, भींडर में 34, घासा में 26, गिर्वा में 33, कुराबड़ में 21, मावली में 36, नाई में 27, ओगणा में 21, फलासिया में 26 और वल्लभनगर में 39 नामांकन पत्र दाखिल हुए। जिला परिषद के लिए शुरुआती दो दिनों में कोई नामांकन नहीं आया था। तीसरे दिन के बाद अब तक जिला परिषद सदस्य पद के लिए 48 और पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 293 नामांकन पत्र जमा हो चुके हैं। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर स्वच्छ और सुरक्षित कमरे, साफ शौचालय, पेयजल, उचित दरों पर भोजन-अल्पाहार तथा मांग के अनुसार किराये पर बिस्तर, तकिया और चादर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बिजली, पंखे और बैकअप के लिए इनवर्टर या जनरेटर की व्यवस्था भी करनी होगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए छाया, संकेतक और दिव्यांगजनों के लिए रैंप बनाए जाएंगे। मतदान दिवस पर केंद्र से 100 और 200 मीटर की दूरी पर चूने से सीमांकन भी किया जाएगा। व्यवस्थाओं के लिए संबंधित ग्राम विकास अधिकारी, विद्यालय संस्था प्रधान और बूथ लेवल अधिकारी जिम्मेदार होंगे। निगरानी का दायित्व उपखंड अधिकारियों, विकास अधिकारियों, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी और सेक्टर अधिकारियों को सौंपा गया है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा संबंधित विकास अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिले में मतदान दल 21 अक्टूबर से 6 नवंबर के बीच तीन चरणों में निर्धारित मतदान केंद्रों पर सेवाएं देंगे। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation हवाई कनेक्टिविटी में बड़ा विस्तार, नोएडा-नवी मुंबई के लिए इंडिगो और मुंबई-बेंगलुरु के लिए अकासा की उड़ानें कोटड़ा में खुदाई से निकलीं 8 प्राचीन जैन प्रतिमाएं, दावेदारों को पांच माह का अल्टीमेटम