Site icon 24 News Update

ऑनलाइन ठगी का संगठित गिरोह बेनकाब, 4 आरोपी गिरफ्तार, 46 मोबाइल, 42 सिम, 36 एटीएम कार्ड, लैपटॉप बरामद

Advertisements

24 News Update उदयपुर। जिले में बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर ठगी के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए पुलिस थाना सुखेर ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर श्री योगेश गोयल के निर्देशानुसार साइबर ठगों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर एक संगठित ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया गया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी नगर पश्चिम श्री राजेश यादव के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी सुखेर श्री रविन्द्र चारण के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।

मुखबिर की सूचना पर दबिश, ठगी का पूरा सेटअप बरामद
3 जनवरी 2026 को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर पुलिस टीम ने सोनारिया, लखावली स्थित एक मकान पर दबिश दी। मौके से चार युवकों को हिरासत में लिया गया, जिनके कब्जे से
02 लेपटॉप, 46 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 42 सिम कार्ड, 36 एटीएम कार्ड, 16 बैंक पासबुक, 09 चेकबुक और वाई-फाई राउटर बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग व्यक्तियों से कमीशन पर बैंक खाते खरीदते, फिर उन्हीं खातों को आगे ऑनलाइन ठगी, ऑनलाइन गेमिंग ट्रांजेक्शन और अवैध धन हस्तांतरण के लिए इस्तेमाल करते थे। यह गिरोह सुनियोजित तरीके से खाते खरीदने-बेचने का संगठित नेटवर्क चला रहा था।

ऐसे रचते थे ठगी का जाल
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों सौरभ उपाध्याय और सुमित चंदेल के साथ मिलकर आम लोगों को झांसे में लेते, उनके खातों का दुरुपयोग करते और हर ट्रांजेक्शन पर कमीशन हासिल करते थे। इस तरह ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध को अंजाम देकर मोटी रकम कमाई जा रही थी।

इन धाराओं में मामला दर्ज
थाना सुखेर में प्रकरण संख्या 08/2026 के तहत धारा 318(4), 316(2), 112(2), 61(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं धारा 66 व 66D आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों और वित्तीय नेटवर्क को लेकर अग्रिम अनुसंधान जारी है।

गिरफ्तार अभियुक्त
विशाल यादव पुत्र जितेन्द्र सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी पटेल नगर विस्तार, थाना प्रतापनगर, जिला भीलवाड़ा विजयसिंह सिसोदिया पुत्र गोपालसिंह, उम्र 20 वर्ष निवासी चन्द्रशेखर आजाद नगर, थाना प्रतापनगर, जिला भीलवाड़ा मोहम्मद परवेज खान पुत्र बाबु खान, उम्र 25 वर्ष निवासी लेबर कॉलोनी, थाना प्रतापनगर, जिला भीलवाड़ा मनीष राठौर पुत्र दिनेश राठौर, उम्र 24 वर्ष निवासी महावीर नगर, थर्ड टीचर्स कॉलोनी, थाना महावीर नगर, जिला कोटा।

कार्रवाई करने वाली टीम
रविन्द्र चारण — थानाधिकारी, सुखेर
खुमाणसिंह — सहायक उप निरीक्षक
रामकुंवार — हेड कांस्टेबल 355
ओमप्रकाश — कांस्टेबल 2049
वीरेंद्रपाल सिंह — कांस्टेबल 3012
राजेन्द्र सिंह — कांस्टेबल 892
सुमेरराम — कांस्टेबल 1456
चेतनदास — कांस्टेबल 330
कानसिंह — चालक कांस्टेबल 1001

Exit mobile version