Site icon 24 News Update

प्रतापगढ़ में ‘ऑपरेशन क्लीन’: 40 लाख का डोडा चुरा और हथियारों का जखीरा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

Advertisements

24 News update प्रतापगढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कार्रवाई में करीब 40 लाख रुपए कीमत का 384.73 किलो डोडा चुरा, एक लोडेड पिस्टल, 12 बोर बंदूक और 10 जिंदा कारतूस जब्त किए गए। साथ ही एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो कार और एस्कॉर्ट कर रही मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

बारिश और कीचड़ का फायदा उठाकर भागे तस्कर

पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह व सीओ गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी दीपक बंजारा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
शुक्रवार, 4 जुलाई को खेरोट फंटा-जहाजपुर रोड पर गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक मोटरसाइकिल पर संदिग्ध सुंदरलाल मेनारिया (33) निवासी गंधेर, प्रतापगढ़ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोका। इसी दौरान पीछे से आ रही एमपी नंबर की काली स्कॉर्पियो कार में बैठे दो व्यक्ति पुलिस को देखकर खेतों की ओर भाग निकले। बारिश और कीचड़ का फायदा उठाकर वे फरार हो गए।

कार से मिली डोडा चुरा की बड़ी खेप और हथियार

पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें से 22 कट्टे डोडा चुरा (कुल वजन 384.73 किलो), 12 बोर बंदूक के 7 जिंदा कारतूस, और एक लोडेड पिस्टल (मैगजीन में 3 जिंदा कारतूस सहित) बरामद की।
थानाधिकारी दीपक बंजारा ने घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी। उनके निर्देश पर डोडा चुरा, हथियार व वाहन जब्त कर सुंदरलाल को गिरफ्तार किया गया।
एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

पुलिस टीम ने दिखाई तत्परता

इस कार्रवाई में थानाधिकारी दीपक बंजारा के साथ
एएसआई रामावतार (विशेष भूमिका), श्यामलाल, हेड कांस्टेबल राहुल, कांस्टेबल सोनू, राजवीर, गोविंद, मान सिंह, रमेश, कृष्णपाल सिंह और मुकेश कुमार शामिल रहे।

पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल ने टीम की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की सराहना की है।

Exit mobile version