24 News update राजसमंद | अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के संप्रदायाचार्य एवं पीठाधीश्वर रामदयाल महाराज की पधरावणी 1 जुलाई को राजनगर में सम्पन्न होगी। इस शुभ अवसर पर शहर धार्मिक रंग में रंगेगा और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ेगा।
स्वागत की भव्य तैयारी
श्री माहेश्वरी सेवा समिति के सतीष हेड़ा ने जानकारी दी कि महाराज श्री का प्रातः 9.30 बजे फव्वारा चौक, राजनगर पर ओमप्रकाश बापड़ोत के नेतृत्व में हिंदू समाज द्वारा गरिमामय स्वागत किया जाएगा। स्वागत के उपरांत भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें धर्मप्रेमी बंधु, मातृशक्ति एवं हिंदू समाज के विभिन्न वर्ग भाग लेंगे।
शोभायात्रा का मार्ग
शोभायात्रा फव्वारा चौक से प्रारंभ होकर दानी चबूतरा होते हुए माहेश्वरी भवन पहुंचेगी। पूरे मार्ग को धार्मिक झांकियों, बैंडबाजों और पुष्पवर्षा से सजाया जाएगा। यात्रा के दौरान श्री महाराजश्री का दर्शन लाभ लेने श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
आशीर्वचन का लाभ
सुबह करीब 11:30 बजे माहेश्वरी भवन राजनगर में पीठाधीश्वर श्री रामदयाल महाराज के मुखारविंद से आशीर्वचन प्राप्त होंगे। यह अवसर भक्तों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रेरणा से भरपूर होगा।
कार्यक्रम संयोजन एवं व्यवस्था
पधरावणी कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं श्री माहेश्वरी सेवा समिति द्वारा की जा रही हैं। आयोजन समिति में महेंद्र देवपुरा, कैलाश निष्कलंक, ओमप्रकाश बापडोत, सतीश हेड़ा, राजेंद्र अजमेरा, प्रेम प्रकाश अजमेरा, सुनील लड्ढा, शरद लड्ढा और सत्यनारायण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति ने सभी हिंदू समाजजन से अधिकाधिक संख्या में पधारकर इस पुण्य अवसर का लाभ लेने का आह्वान किया है।

