Site icon 24 News Update

‘एक जिला–एक खेल’ में तैराकी से उभर रहीं नई प्रतिभाएं: गोगुन्दा, सायरा व देवला ब्लॉकों में 130 से अधिक तैराकों ने दिखाई दमदार प्रतिभा

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान सरकार के पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत “एक जिला–एक खेल” पहल के तहत उदयपुर जिले में तैराकी को बढ़ावा देने के लिए ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का सिलसिला जारी है। खेल प्रतिभाओं की खोज और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इन प्रतियोगिताओं में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवा तैराकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में यह प्रतियोगिता नमित मेहता, राहुल जैन और जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल के निर्देशन में आयोजित की जा रही है।
जिला खेल अधिकारी डॉ. पालीवाल ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों में क्रमबद्ध तरीके से टैलेंट सर्च के रूप में तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को गोगुन्दा, सायरा और देवला ब्लॉक की प्रतियोगिताएं जसवंतगढ़ स्थित राजतिकाल रिसॉर्ट तरणताल में आयोजित की गईं।

गोगुन्दा ब्लॉक में 62 प्रतिभागी
गोगुन्दा ब्लॉक की प्रतियोगिता दोपहर 12 बजे शुरू हुई, जिसमें 62 तैराकों ने भाग लिया। बालक वर्ग में रेशमलाल, ललित, भंवरलाल, रोशन सिंह, राकेश वेद और हर्षदेव प्रथम स्थान पर रहे, जबकि अनिल कहार, हरविन, सुरेश और मौलिक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में पूनम कहार, काजल सुथार और जाह्नवी कुमारी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि हैप्पी गर्ग, गीता कुमारी और निशा कुमारी भील दूसरे स्थान पर रहीं।

सायरा ब्लॉक के 38 तैराकों की भागीदारी
सायरा ब्लॉक की प्रतियोगिता दोपहर 1 बजे शुरू हुई, जिसमें 38 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग में विष्णु घरासिया, विमल कुमार, राकेश कुमार, दिलीप सुथार और कैलाश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रवीण, सज्जन सिंह, मयूर वेद, चेतन और राकेश द्वितीय स्थान पर रहे।

देवला ब्लॉक में भी दिखा जोश
देवला ब्लॉक की प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे आयोजित की गई, जिसमें 36 तैराकों ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग में परशुराम, रोशनलाल और पुष्कर प्रथम रहे, जबकि तेजाराम, प्रवीण कुमार और शैलेन्द्र वेद द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में गुडिया कुमारी और कंची कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रेरणा नोसालिया, आरआई प्रकाश मेनारिया सहित क्षेत्र के शारीरिक शिक्षकों की उपस्थिति रही। विजेताओं को अतिथियों द्वारा मेडल और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। खेल विभाग के अनुसार 12 मार्च को वल्लभनगर, मावली, कुराबड़ और भिंडर ब्लॉकों की प्रतियोगिताएं भटेवर स्थित होटल कृष्णराज में आयोजित होंगी। वहीं उदयपुर शहर और बड़गांव क्षेत्र की प्रतियोगिताएं महाराणा प्रताप खेलगांव में होंगी। इन प्रतियोगिताओं से चयनित तैराकों को 13 से 28 मार्च तक 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में विशेष कोचिंग दी जाएगी, ताकि वे जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

Exit mobile version