24 News Update उदयपुर। मानसी वाकल बांध में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने बांध पर पहुंचा था। नहाने के दौरान उसका एक साथी गहरे पानी में फंस गया। साथी को बचाने के लिए युवक ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। उसने दोस्त की जान तो बचा ली, लेकिन खुद गहरे पानी से बाहर नहीं निकल सका।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोहन थापा (26) के रूप में हुई है। मोहन झाड़ोल में ‘एमडी चाइनीज रेस्टोरेंट’ संचालित करता था। शनिवार सुबह वह अपने पांच दोस्तों और रेस्टोरेंट स्टाफ के साथ बांध पर घूमने और नहाने गया था। इसी दौरान करीब साढ़े 11 बजे हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी और मोहन के दोस्त मिलन ने बताया कि नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए मोहन तुरंत पानी में कूद पड़ा। काफी मशक्कत के बाद मोहन ने उसे सुरक्षित किनारे की ओर धकेल दिया, लेकिन खुद संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में समा गया।
मोहन के डूबते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने करीब आधे घंटे तक अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन पानी ज्यादा गहरा होने के कारण कोई सफलता नहीं मिली। बाद में ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।
थानाधिकारी श्री फैलीराम मीणा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस, ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 2 बजे मोहन का शव पानी से बाहर निकाला गया। शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने हादसे की जानकारी नेपाल में रहने वाले मृतक के परिजनों को दे दी है।
दोस्त की जिंदगी बचाने के लिए खुद दे दी जान, नेपाली युवक मानसी वाकल बांध में डूबा

Advertisements
