- ऑपरेशन संकल्प: नशे के कारोबार पर पुलिस का दोहरा वार
24 News Update जयपुर 18 अप्रेल। नागौर जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन संकल्प- नशा मुक्त नागौर अभियान के तहत पुलिस ने एक बार फिर नशे के सौदागरों की कमर तोड़ दी है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री रोशन मीणा के निर्देशन में कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर द्वारा तस्करी की काली कमाई से अर्जित आलीशान मकान को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रीज कर दिया है। फ्रीज किए गए इस मकान की बाजार कीमत 01 करोड़ रूपये से अधिक आंकी गई है।
एसपी मीणा ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया कि अभियुक्त गोविन्द राम उर्फ गोविन्द जाट निवासी बाराणी ने मादक पदार्थों की तस्करी से भारी मुनाफा कमाया और उस अवैध आय से अपनी पत्नी मूली देवी के नाम पर डीडवाना-बीकानेर बाईपास स्थित स्टार सिटी में दो प्लॉट (संख्या 39 व 40) खरीदकर उन पर एक आलीशान आवासीय मकान निर्मित किया। अभियुक्त के विरुद्ध राजस्थान के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के 04 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर यह सिद्ध किया कि यह संपत्ति पूरी तरह नशे के कारोबार से अर्जित की गई थी।
सक्षम प्राधिकारी दिल्ली ने मुहर लगाई
थानाधिकारी कोतवाली नागौर द्वारा इस संपत्ति को फ्रीज करने का प्रस्ताव सक्षम प्राधिकार दिल्ली को भिजवाया गया था। मामले की गहन जांच और सुनवाई के बाद, सक्षम प्राधिकारी ने 17 अप्रैल 2026 को फ्रीजिंग आदेश को सही मानते हुए इसे कन्फर्म कर दिया है।
नशे के विरुद्ध इस युद्ध में नागौर पुलिस की यह कार्यवाही एक मिसाल बनी है। पिछले महज एक माह के भीतर थाना कोतवाली नागौर द्वारा दो आलीशान मकान और दो लग्जरी गाड़ियों को फ्रीज करवाया जा चुका है। एसपी रोशन मीणा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि समाज को खोखला करने वाले नशा तस्करों को न केवल सलाखों के पीछे भेजा जाएगा, बल्कि उनकी अवैध रूप से अर्जित हर एक पाई और संपत्ति को भी जब्त किया जाएगा।
इस पूरी कार्यवाही को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी एवं सहायक पुलिस अधीक्षक वृत्त नागौर जतिन जैन आएपीएस के सुपरविजन में अंजाम दिया गया। टीम का नेतृत्व कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने किया। टीम में सहायक उपनिरीक्षक गिरवर दान, कानिस्टेबल ओमप्रकाश, दुर्गाराम, राकेश सांगवा और अपराध शाखा के सुरेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

