Site icon 24 News Update

मुंबई की महिला ने डूंगरपुर में दिया वारदात को अंजाम:होटल मालिक के घर में रुकी, विश्वास जीता और 3 तोला सोने का हार चुराकर फरार

Advertisements

24 News Update डूंगरपुर. डूंगरपुर के चौरासी थाना पुलिस ने सोने का हार चोरी करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अंजू पत्नी संजय उगरेजेया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मुंबई के लोहिया नगर की रहने वाली है। फिलहाल वह बिलख में रह रही है।

घटना 23 मई की है। शंकरलाल बोडात की होटल पर एक महिला आई। उसने खुद को अंजू बताया और बिलेख की रहने वाली होने की बात कही। रात का समय होने के कारण वापस जाने के लिए गाड़ी न मिलने का बहाना बनाया। शंकरलाल और उनकी पत्नी को दया आ गई। वे उसे अपने घर ले गए।

अंजू ने अगले दिन भी किसी के आकर ले जाने का बहाना बनाया और वहीं रुकी रही। 25 मई को शंकरलाल दंपती पड़ोस में एक शादी समारोह में गए। अंजू घर पर अकेली थी। जब वे वापस लौटे तो अंजू गायब थी। जांच करने पर पता चला कि पेटी में रखा तीन तोले का सोने का हार भी गायब था।

थानाधिकारी राकेश कटारा के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। उसे ऋषभदेव थाना क्षेत्र के बिलख गांव से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली।

Exit mobile version