24 न्यूज़ अपडेट उदयपुर। सज्जनगढ की पहाडियों पर लगातार आग की घटनाओं पर सांसद मन्नालाल रावत ने गुरुवार को मौके का दौरा किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस तरह के हालात से निबटने के लिए पहले से पुख्ता व्यवस्था करें। हर साल पहाडियों पर आग की घटनाएं चिंताजनक है।
सांसद श्री रावत सुबह सज्जनगढ की पहाडियों पर आग लगने की सूचना मिलने पर मौके के लिए रवाना हुए। इस दौरान कलेक्टर नमित मेहता व वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। हालात का जायजा लेने के बाद सांसद श्री रावत ने आग बुझाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद लेने का प्रशासन को सुझाव दिया। सांसद ने हेलीकॉटर व्यवस्था के लिए मौके से ही सीएमओ को भी फोन किया। अधिकारियों से चर्चा के बाद सांसद श्री रावत ने कहा कि बार-बार होने वाली आग की घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग को जगह-जगह टांके का निर्माण करवाना चाहिए और साथ ही फव्वारा प्रणाली विकसित करनी चाहिए ताकि आग लगने की सूचना पर तत्कालीन मशीनरी काम कर सके। उन्होंने चिंता जताई कि आग लगती है तब पहाडी पर जाने के लिए रास्ते तक नहीं होते। ऐसे में आग बुझाने में काफी वक्त लग जाता है। वन विभाग के अधिकारियों को चाहिए कि पहाडी पर जाने के लिए वैकल्पिक रास्तों का भी निर्माण करें जिससे ऐसी आपातकालीन घटनाओं के वक्त तुरंत काम किया जा सके। सांसद श्री रावत ने आग बढे नहीं इसके लिए वन विभाग के अधिकारियों को सचेत रहने के निर्देश दिए।
सज्जनगढ की पहाडियों पर आग का जायजा लेने पहुंचे सांसद डॉ रावत, पुख्ता व्यवस्था नहीं होने पर चिंता जताई,आग नियंत्रित करने हेलीकॉप्टर के लिए सीएमओ फोन किया, पहाडी पर टांके व रास्ते बनाने का सुझाव दिया

Advertisements
