24 न्यूज अपडेट, जयपुर। जयपुर में आमजन भी भय है व एप्रोच वालों में ही विश्वास है। यह बार-बार साबित हो रहा है। अगर आपके पास पॉलिटिकल एप्रोच है व जान पहचान है तो आपकी शिकायत पुलिस दर्ज कर लेगी मगर नहीं है तो चक्कर पे चक्कर कटवाए जाएंगे। परिवाद तक दर्ज नहीं करेंगे। शिकायत वाले टोल फ्री व ऑनलाइन नंबर केवल दिखावे के हैं। उनसे ना तो त्वरित न्याय मिलता है, ना ही कार्रवाई होती है। यहां तक की सीएम पोर्टल भी दिखावा है। ऐसा ही एक मामला जयपुर का सामने आया है जिसमें सांगानेर रेलवे स्टेशन परिसर से मोटरसाइकिल चोरी के बाद पीड़ित को न केवल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा बल्कि उसे थानों और जीआरपी कार्यालयों के चक्कर भी लगाने पड़ रहे हैं।
पुलिस इतनी नींद में है व लापरवाह है कि शिकायत लेने और रिसीविंग देने तक से इनकार कर रही है। अब पीड़ित को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करनी पड़ी है मगर वहां से भी राहत अब तक नहीं मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार, जयपुर निवासी केशव कुमार अग्रवाल (मकान नंबर 18 गिरधर वाटिका-ए, ग्राम मोहनपुरा, तहसील सांगानेर) ने 10 अगस्त की सुबह 6ः30 बजे अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सांगानेर रेलवे स्टेशन परिसर में प्लेटफार्म के बाहर खड़ी की। बहन को ट्रेन में बैठाकर लौटे तो देखा कि गाड़ी गायब थी।
गाड़ी चोरी का पता चलते ही अग्रवाल ने 112 नंबर पर कॉल किया। कई बार फोन करने के बावजूद मौके पर कोई नहीं आया। शिकायत आईडी पी-25081000248 दर्ज हुई, लेकिन आगे की कोई कार्रवाई नहीं की गई।
हद कर दी, थानों के चक्कर पर कर रहे मजबूर
इसके बाद पीड़ित सांगानेर थाना पहुँचे तो उन्हें मालपुरा थाना भेज दिया गया। मालपुरा थाना पहुँचे तो वहाँ कहा गया कि वाहन रेलवे परिसर से चोरी हुआ है, इसलिए शिकायत रेलवे में करें। स्टेशन मास्टर ने दुर्गापुरा जीआरपी थाना जाने की सलाह दी। दुर्गापुरा जीआरपी में भी इंचार्ज नहीं मिले और अगले दिन आने को कहा गया। अगले दिन केवल इतना आश्वासन दिया गया कि तलाश कर लेंगे, लेकिन मामला जयपुर जंक्शन जीआरपी थाना भेज दिया गया।
12 अगस्त को जयपुर जंक्शन जीआरपी थाना पहुँचे अग्रवाल ने शिकायत दर्ज करवाने का प्रयास किया। ड्यूटी ऑफिसर ने काफी देर टालमटोल की, आवेदन तो ले लिया लेकिन रिसीविंग देने से मना कर दिया। सीआई साहब से मिलने पर भी सिर्फ आश्वासन ही मिला।
18 और 19 अगस्त को फिर से टालमटोल
पीड़ित ने 18 अगस्त की शाम साढ़े चार बजे और 19 अगस्त की सुबह फिर से जयपुर जंक्शन जीआरपी थाना जाकर शिकायत दर्ज करवाने का प्रयास किया। लेकिन ड्यूटी ऑफिसर ने कहा कि “मुहाना में 11 गाड़ियाँ पकड़ी गई हैं, आप वहाँ जाकर देख लीजिए।” रिसीविंग देने से साफ मना कर दिया और कहा गया कि “दो-चार दिन और इंतजार करो।”
सीएम पोर्टल पर शिकायत
लगातार टालमटोल से परेशान होकर अग्रवाल ने अंततः 19 अगस्त की शाम मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत नंबर 082506723982540 है। मगर वहां से भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
रेलमंत्री व सीएम से लगाई गुहार
अग्रवाल ने बताया कि पुलिस और जीआरपी की गंभीर लापरवाही से वाहन चोरी की जांच में कोई प्रगति नहीं हुई। यदि समय रहते कार्यवाही की जाती तो संभवतः गाड़ी बरामद हो सकती थी। उन्होंने रेल प्रशासन और राज्य सरकार से त्वरित जांच और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। इसके लिए रेलमंत्री व सीएम से भी गुहार लगाई है।
सांगानेर रेलवे स्टेशन से मोटरसाइकिल चोरी, जीआरपी थाने में पीड़ित को दे रहे चक्कर पे चक्कर, सीएम पोर्टल पर भी सुनवाई नहीं

Advertisements
