Site icon 24 News Update

व्यापारी की आंखों में मिर्ची डालकर दो लाख रुपये लेकर फरार बदमाश

Advertisements

चित्तौड़गढ़। शनिवार रात बदमाशों ने बेखौफ लूट की वारदात को अंजाम दिया। उपरलापाड़ा में गोलप्याऊ चौराहे के पास स्कूटी घर के बाहर खड़ी कर रहे व्यापारी की आंखों में मिर्ची झोंक बदमाश 2 लाख रुपये से भरा बैग छीन ले भागे।

बताया गया कि स्वाति सेल्स के मालिक ओमप्रकाश बजाज दुकान बंद कर घर लौटे। जैसे ही मकान के बाहर स्कूटी खड़ी की, पीछे से बाइक पर बदमाश आ धमके। अचानक हमला करते हुए बदमाशों ने बजाज की आंखों में मिर्ची झोंक दी। तेज जलन के कारण वे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश नकदी से भरा बैग लेकर भाग निकले।

घटना के बाद बजाज दर्द और घबराहट के चलते जोर-जोर से चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और संभाला। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस और डीएसपी बृजेश सिंह पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी में बाइक पर तीन संदिग्ध युवक नजर आए हैं। बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी हुई थी और दुकान से निकलने के बाद उनका पीछा किया।

घायल व्यापारी ओमप्रकाश बजाज को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। व्यापारी के भतीजे गिरिराज पुत्र कृष्ण गोपाल बजाज ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं और जांच जारी है।

Exit mobile version