सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर शहर में हुए आयोजन, कलक्ट्रेट में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने दिलाई एकता की शपथ

उदयपुर, 31 अक्टूबर। फतहसागर की पाल पर शनिवार को कदमों की रफ्तार के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दौड़ा। अवसर था लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित रन फॉर यूनिटी का। जिला प्रशासन और क्षेत्रीय खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र की ओर से आयोजित मैराथन में सैकड़ों युवाओं और प्रतिभागियों ने भाग लेकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। दूसरी ओर, जिला कलक्ट्रेट में अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता एवं आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया।

मैराथन को नगर निगम महापौर पारस सिंघवी, निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना और अन्य अतिथियों ने फतहसागर की पाल पर मोती मगरी गेट के निकट हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही देशभक्ति के उत्साह से भरे प्रतिभागियों का कारवां आगे बढ़ा। मैराथन फतहसागर की मुख्य पाल से होते हुए टाया पैलेस पहुंचकर संपन्न हुई। समापन स्थल पर प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा की रक्षा के साथ सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने में योगदान देने का संकल्प दोहराया।

पटेल के जीवन से राष्ट्रहित की प्रेरणा लेने का आह्वान

कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों के एकीकरण और भारत को एक सूत्र में पिरोने में सरदार वल्लभभाई पटेल की ऐतिहासिक भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व ने राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी। उनके आदर्श आज भी नागरिकों को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने और सामूहिक प्रयासों से देश की प्रगति में भागीदारी निभाने की प्रेरणा देते हैं।

आयोजन में जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक गौड़, प्रशिक्षु आरएएस अधिकारी, खिलाड़ी, एनएसएस और एनसीसी के सदस्य, स्काउट-गाइड स्वयंसेवक तथा स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहे। मैराथन के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय एकजुटता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।

कलक्ट्रेट में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ

राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिला कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा सहित उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

इससे पहले जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में सरदार पटेल के योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने और राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया गया।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading