24 News update उदयपुर | मेवाड़ प्रताप दल सेवा संस्थान द्वारा बुधवार सुबह उदयपुर के अशोक नगर स्थित गौशाला श्मशान स्थल से 117 अस्थियों के कलश लेकर हरिद्वार के लिए यात्रा प्रारंभ की गई। यह यात्रा उन दिवंगतों की अस्थियों को गंगा में विसर्जित करने हेतु आयोजित की गई, जिनके परिजन या तो असहाय थे या विसर्जन में असमर्थ।
पूजा-अर्चना के साथ हुई यात्रा की शुरुआत
संस्थान के जिला सचिव राकेश पालीवाल ने जानकारी दी कि बुधवार सुबह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ अस्थियों के कलशों की विधिवत पैकिंग की गई। इसके बाद दो बसों के काफिले के साथ हरिद्वार के लिए यात्रा शुरू की गई।
गणमान्य जनों की उपस्थिति
इस पुण्य कार्य के दौरान संस्थान के संस्थापक लाला सालवी ने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, समाजसेवी फतह सिंह राठौड़, बड़गांव मंडल अध्यक्ष मोहनलाल पटेल, मोहन सालवी और पी.सी. खींची समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भावुक विदाई का दृश्य
इस दौरान कई असहाय और दिवंगत परिजनों के परिवारजन वहां मौजूद थे। उन्होंने हरिद्वार जाने वाले प्रतिनिधियों को मालाएं पहनाकर और नम आंखों से विदा किया। यह दृश्य हर किसी की आंखों को नम कर गया।
दल के सदस्य हरिद्वार के लिए हुए रवाना
यात्रा में जिला अध्यक्ष ओंकार जोशी, बलवंत सालवी, महिला अध्यक्ष मंजू गहलोत, नरेंद्र मनौती, शेर सिंह राठौड़, घनश्याम भाटी, प्रेम राज माली, सुनील अहीर, कविता सिसोदिया, हेमलता माली सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।
हनुमान जयंती पूर्णिमा पर होगा अस्थि विसर्जन
हरिद्वार पहुंचने के बाद हनुमान जयंती पूर्णिमा के दिन हर की पौड़ी पर विधिवत पूजा-अर्चना और पंडितों की सहायता से सभी अस्थि कलशों का गंगा में विसर्जन किया जाएगा।

