24 News Update उदयपुर । जिला पावरलिफ्टिंग संघ, उदयपुर के तत्वावधान में रविवार, 14 सितंबर को लवकुश इनडोर स्टेडियम में उदयपुर जिला सीनियर, जूनियर, सब-जूनियर एवं मास्टर बेंच प्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर हाल ही में दावणगिरी (कर्नाटक) में संपन्न राष्ट्रीय सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों एवं कोचों का सम्मान भी किया जाएगा।
जिला पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली ने बताया कि दावणगिरी में आयोजित चैंपियनशिप में राजस्थान टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सीनियर महिला वर्ग के 84 किग्रा से अधिक भार वर्ग में नीलम डांगी ने स्वर्ण पदक, सीनियर पुरुष वर्ग के 59 किग्रा भार वर्ग में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू ने कांस्य पदक, जूनियर पुरुष वर्ग के 105 किग्रा भार वर्ग में युद्धवीर सिंह राठौड़ ने स्वर्ण पदक और सब-जूनियर बालिका वर्ग के 47 किग्रा भार वर्ग में मानसी रावत ने रजत पदक जीता।
इसके साथ ही राजस्थान पुरुष टीम के कोच विनोद साहू तथा राज्य महिला टीम की कोच और महाराणा प्रताप पुरस्कार प्राप्त माला सुखवाल को भी सम्मानित किया जाएगा।
उदयपुर जिला बेंच प्रेस प्रतियोगिता में पदक विजेताओं का होगा सम्मान, दावणगिरी में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राजस्थान टीम का शानदार प्रदर्शन

Advertisements
