Site icon 24 News Update

राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में राजस्थान का दमदार प्रदर्शन, 42 पदक जीते

Advertisements

24 News Update उदयपुर। फरीदाबाद (हरियाणा) के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर क्लासिक व इक्विप्ड बेंच प्रेस प्रतियोगिता में राजस्थान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 स्वर्ण, 19 रजत और 14 कांस्य सहित कुल 42 पदक जीते। सब जूनियर बालिका वर्ग में आकांक्षा कुमावत और सीनियर महिला वर्ग में पूनम को बेस्ट लिफ्टर घोषित किया गया। राजस्थान टीम ने सब जूनियर महिला और जूनियर महिला वर्ग में उपविजेता का खिताब भी जीता। राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने बताया कि पूनम ने 69 किग्रा सीनियर वर्ग में नया राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाकर स्वर्ण पदक जीता। 63 किग्रा में माया कंवर, 57 किग्रा में पिस्ता बाई गुर्जर, सब जूनियर बालक 120 किग्रा में सांकेत चतुर्वेदी और सब जूनियर बालिका 57 किग्रा में आकांक्षा कुमावत ने स्वर्ण पदक जीते। आकांक्षा ने क्लासिक और इक्विप्ड दोनों वर्गों में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। मास्टर वर्ग में सत्येन्द्र सिंह राठौर, अनीता राठी और रिया कंवर शेखावत ने भी स्वर्ण पदक जीते।
रजत और कांस्य पदक विजेताओं में योगेश कुमार सैन, गौरव जयपाल, निखिल जाजोतर, भूमिका सारस्वत, वर्षिता परिहार, पवन सोनी, क्रिशन व्यास, गीतिका विश्नोई, ग्रेसी प्रजापत, पूजा जावा, जूही छंगाणी, चांदनी प्रजापत, अर्जुन सोलंकी सहित कई खिलाड़ियों ने योगदान दिया। मास्टर वर्ग में राहिल अहमद शेख, ओम सिंह चौहान, हरी गोपाल थानवी, सुनील गुजराती, दीपक कुमार शर्मा और राजेश यादव ने पदक जीते। टीम मैनेजर विनोद साहू तथा प्रशिक्षक आशीष जैमन और सुमित कुमार रहे। टीम की सफलता पर दिनेश श्रीमाली, डॉ. देवेंद्र साहू, राजाराम शर्मा, गिरधारी सिंह चौहान सहित खेल पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।

Exit mobile version