
24 News Update उदयपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर में शहीद दिवस श्रद्धा, संयम और राष्ट्रीय चेतना के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों और इकाइयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को स्मरण किया गया।
मुख्य आयोजन सामुदायिक एवं व्यावहारिक विज्ञान महाविद्यालय में हुआ, जहाँ कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह धाकड़, डीन डॉ. धृति सोलंकी, संकाय सदस्य एवं विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर महात्मा गांधी सहित सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौन के दौरान उपस्थितजनों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा और मानवता आधारित विचारों को स्मरण किया।
शहीद दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक विकास ब्लॉक, डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, कृषि अर्थशास्त्र विभाग, मृदा विज्ञान विभाग तथा राजस्थान कृषि महाविद्यालय सहित एमपीयूएटी की विभिन्न इकाइयों में भी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों तथा छात्रों ने सहभागिता निभाई। सभी स्थानों पर एक साथ मौन रखकर राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शहीद दिवस केवल स्मरण का दिन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देशभक्ति, कर्तव्य और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का अवसर है। महात्मा गांधी के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं, जिन्हें जीवन में अपनाकर ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। यह जानकारी एमपीयूएटी के पीआरओ डाक्टर जीएल मीणा ने दी।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.