Site icon 24 News Update

भर्ती प्रक्रिया में फर्जी कर्मचारी बनकर घुसा युवक गिरफ्तार, बहन को फायदा दिलाने की कोशिश

Advertisements

24 News Update उदयपुर। शहर में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान फर्जी तरीके से घुसकर अभ्यर्थियों को प्रभावित करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक खुद को भर्ती कराने वाली कंपनी का कर्मचारी बताकर अंदर पहुंचा और अपनी बहन को अनुचित लाभ दिलाने की कोशिश करता पाया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला 29 मार्च का है जब ग्राउंड में भर्ती/नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान आरोपी नरेश मेनारिया (25) निवासी मेनार, थाना खेरोदा, जिला उदयपुर बिना अनुमति ग्राउंड में प्रवेश कर गया। उसने खुद को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी कंपनी टाइमिंग टेक्नोलॉजी प्रा. लि. का कर्मचारी बताकर अभ्यर्थियों के बीच मौजूद रहकर प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की।
इस संबंध में होमगार्ड कमांडेंट प्रणय जसोरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले इसी कंपनी में कुछ दिन काम कर चुका था, लेकिन बाद में उसे हटा दिया गया था। इसके बावजूद वह कंपनी कर्मचारी बनकर भर्ती स्थल पर पहुंच गया। प्राथमिक जांच के अनुसार 29 मार्च को उसकी बहन की भी भर्ती प्रक्रिया थी। इसी कारण आरोपी धोखे से अंदर घुसा और उसकी मदद करने के उद्देश्य से अभ्यर्थियों के बीच सक्रिय हो गया। कंपनी के कर्मचारियों को जब उस पर शक हुआ तो उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक तौर पर यह सामने आया है कि आरोपी ने भर्ती प्रक्रिया को दुष्प्रभावित करने और धोखे से किसी अभ्यर्थी को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने और किन-किन अभ्यर्थियों से संपर्क किया था या कोई अन्य व्यक्ति भी इसमें शामिल है। इस मामले की जांच एएसआई जगदीश की ओर से की जा रही है।

Exit mobile version