Site icon 24 News Update

निम्बाहेड़ा में 20 लाख की बड़ी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर

Advertisements



24 News Update निम्बाहेड़ा (कविता पारख)। निम्बाहेड़ा क्षेत्र में चित्तौड़गढ़-नीमच फोरलेन पर स्थित साकरिया ब्रिज के पास एक होटल व्यवसायी के सूने मकान में सोमवार शाम बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मकान से कुल 20 लाख रुपए की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए, जिसमें 12 लाख रुपए नकद तथा करीब 8 लाख रुपए के आभूषण शामिल हैं।
वारदात के बाद मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की गतिविधियां कैद हो गई हैं, जिसमें वे घर में प्रवेश करते और चोरी के बाद फरार होते दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित चतुर्भुज कुमावत ने बताया कि सोमवार शाम करीब 5 बजे वे अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे, जबकि उनकी पत्नी और बेटी पारिवारिक कार्य से मंदसौर गई हुई थीं। घर सूना होने का फायदा उठाकर चोर पीछे के दरवाजे से मकान में घुसे।
जानकारी के अनुसार चोरों ने पहले ऊपर वाले फ्लोर का दरवाजा तोड़ा और फिर अलमारी में रखी नकदी व जेवरात समेट लिए। पूरी वारदात महज 20 से 25 मिनट के भीतर अंजाम दी गई। चोर शाम करीब 5:41 बजे वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घर लौटने पर चतुर्भुज कुमावत को कमरों में सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

Exit mobile version