Site icon 24 News Update

सायरा में बड़ी चोरी: उमरोद गांव से 7 किलो चांदी और 80 हजार नकद पार

Advertisements

24 News Update उदयपुर। सायरा थाना पुलिस क्षेत्र के उमरोद गांव में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश एक मकान को निशाना बनाकर करीब 7 किलो चांदी के जेवरात और 80 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पुनाराम गमेती पेशे से मकान निर्माण ठेकेदार हैं। घटना के समय वह पूनम के चलते मंदिर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी घर के नीचे वाले हिस्से में सो रही थी। इसी दौरान बदमाश मकान की दूसरी मंजिल पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए।
चोरों ने कमरे में रखी अलमारी तोड़ दी और घर का सामान बिखेरते हुए करीब 7 किलो चांदी के आभूषण तथा लगभग 80 हजार रुपए नकद चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी से करीब 11 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
सुबह घटना का पता चलने पर गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मामले की सूचना पुनावली ग्राम पंचायत के उप सरपंच योगेश पालीवाल को दी गई, जिन्होंने पुलिस को अवगत कराया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के संदिग्धों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

Exit mobile version