Site icon 24 News Update

गोवर्धनविलास पुलिस का बड़ा वार: 5 करोड़ की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा कंटेनर जब्त, तस्कर गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update उदयपुर। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत उदयपुर जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। योगेश गोयल (जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर) के निर्देशन में गोवर्धनविलास पुलिस थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए पंजाब और राजस्थान निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक कंटेनर ट्रक जब्त कर लिया। ट्रक से कुल 1203 कार्टून शराब बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह शराब तस्करी के जरिए गुजरात ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कंटेनर ट्रक को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी
थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह चारण के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को 5 मार्च को सर्कल गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डाकन कोटड़ा की ओर से एक कंटेनर ट्रक अवैध शराब लेकर काया हाईवे से गुजरात की तरफ जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने काया पुलिया के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिये का कंटेनर ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रुकवाकर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम गोपाल सिंह पुत्र छोगसिंह, निवासी धोरा राजवा, थाना बार, जिला ब्यावर बताया।

सोयाबीन की बोरियों की आड़ में छिपाई शराब
पुलिस को चालक के व्यवहार पर संदेह हुआ तो ट्रक की तलाशी ली गई। जांच में सामने आया कि ट्रक में सोयाबीन के कट्टों की आड़ में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 1203 कार्टून छिपाकर रखे गए थे। जब चालक से शराब परिवहन का लाइसेंस या अनुज्ञापत्र मांगा गया तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। इस पर पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और ट्रक समेत पूरी खेप जब्त कर ली।

आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 100/2026 के तहत धारा 19/54 राजस्थान आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह चारण द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शराब तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लोड हुई और गुजरात में किसे सप्लाई की जानी थी।

Exit mobile version