24 News update उदयपुर। घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों से सिलेंडर जब्त किए। जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में रसद विभाग और प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। जिला रसद अधिकारी प्रथम सुश्री सृष्टि डबास (प्रशिक्षु आईएएस) के निर्देशन में रसद विभाग के सतर्कता दल ने अवैध गैस रिफिलिंग और जमाखोरी के खिलाफ अभियान चलाया। प्रवर्तन निरीक्षक विशेष मीणा, डॉ. हिमानी सिंह सोलंकी और डॉ. कोमल सिंह सोलंकी की टीम ने विनायक वाटिका के सामने उदयपुर–फतहनगर रोड स्थित एक मकान पर जांच की।
जांच के दौरान मौके से 21 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। वहीं दो गैस रिफिलिंग मशीनें भी स्थापित पाई गईं, जिनमें से एक मशीन से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जा रही थी। टीम ने दोनों मशीनों को मौके पर ही जब्त कर लिया।
इसी क्रम में प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती मानसी पंड्या और प्रवर्तन निरीक्षक डॉ. हिमानी सिंह सोलंकी की टीम ने सूरजपोल क्षेत्र में भी कार्रवाई की। यहां गणेश रेस्टोरेंट के किचन से अवैध रूप से उपयोग में लिए जा रहे चार घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। वहीं संतोष दालबाटी, सूरजपोल में जांच के दौरान तीन व्यावसायिक गैस सिलेंडर बिना वैध दस्तावेज के पाए जाने पर उन्हें भी मौके पर जब्त कर लिया गया।
रसद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध गैस रिफिलिंग और जमाखोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अवैध गैस रिफिलिंग पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 21 घरेलू सिलेंडर व 2 मशीनें जब्त

Advertisements
