Site icon 24 News Update

नेहरू बाजार में रसद विभाग का छापा, 8 सिलेंडर जब्त

Advertisements

24 News Update उदयपुर। घरेलू गैस सिलेण्डर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही जिला प्रशासन की ओर से गैस सिलेण्डरों के अवैध भण्डारण और कालाबाजारी के खिलाफ भी सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में जिला रसद अधिकारी (प्रथम) और प्रशिक्षु आईएएस सुश्री सृष्टि डबास के निर्देशन में रसद विभाग की सतर्कता टीम ने मंगलवार को शहर के नेहरू बाजार इलाके में बड़ी कार्रवाई की। विभाग ने अवैध गैस रिफिलिंग और जमाखोरी को रोकने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल 8 अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए।

रसद विभाग की टीम में शामिल प्रवर्तन निरीक्षक कालूराम निनामा, विशेष मीणा, डॉ. कोमल सिंह सोलंकी और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र सिंह राणावत आदि ने नेहरू बाजार और मीनापाड़ा क्षेत्र में विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की, जहाँ अनियमितताएं पाई गईं। नेहरू बाजार स्थित मोगरा एंटरप्राइजेज फर्म के ऊपरी परिसर से 4 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। पूछताछ करने पर संचालक इन सिलेंडरों से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसी प्रकार सुनील सेल्स नाम प्रतिष्ठान से 1 घरेलू गैस सिलेंडर और 5 किलोग्राम का एक व्यावसायिक सिलेंडर अवैध रूप से रखा हुआ पाया गया। राजहंस एंटरप्राइजेज दुकान के पास से 2 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए ।

नियमों का उल्लंघन करने पर विभाग ने सभी संबंधित फर्मों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला रसद अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गैस भंडारण और रिफिलिंग के खिलाफ इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।

Exit mobile version