Site icon 24 News Update

अवैध गैस रिफिलिंग पर प्रशासन का शिकंजा, 9 सिलेंडर जब्त

Advertisements

24 News update उदयपुर। शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन में रसद विभाग की टीम ने शुक्रवार को मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में छापेमारी कर अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार का भंडाफोड़ किया।
जिला रसद अधिकारी (द्वितीय) मनीष भटनागर ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि सीडब्ल्यूसी वेयरहाउस के पास एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस ट्रांसफर करने का अवैध काम किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर और प्रवर्तन अधिकारी मानसी पंड्या ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके पर अवैध रिफिलिंग करते हुए लोगों को पकड़ा और वहां से 9 व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन होने के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत जोखिम भरा है।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध रिफिलिंग और गैस के दुरुपयोग में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग या घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग की जानकारी मिले तो इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version