24 News Update बांसवाड़ा। जैन धर्म की वर्तमान चौबीसी के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्म एवं तप कल्याणक महोत्सव गुरुवार, 12 मार्च को बांसवाड़ा में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के मोहन कॉलोनी स्थित श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम गणिनी आर्यिका भरतेश्वरी माताजी ससंघ के पावन सानिध्य में तथा प्रतिष्ठाचार्य पंडित विनोद पगारिया ‘विरल’ (सागवाड़ा) के तत्वावधान में आयोजित होगा। इस दौरान विशेष रूप से “आदिनाथ विधान” का भव्य आयोजन किया जाएगा। समाज के अध्यक्ष सुमति लाल जैन ने बताया कि विधान के अंतर्गत प्रातःकाल मूलनायक भगवान आदिनाथ का महाभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न होगी। इसके पश्चात सकलीकरण, इन्द्र प्रतिष्ठा, मंडप प्रतिष्ठा, पंच मंगल कलश स्थापना तथा नवदेवता पूजन जैसे धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे।
विधान के दौरान इन्द्र एवं इन्द्राणियों द्वारा आदिनाथ विधान मंडल पर अष्टद्रव्य और श्रीफल युक्त अर्घ समर्पित किए जाएंगे। विधान के समापन के बाद भगवान आदिनाथ की प्रतिमा को रजत गंधकुटी में विराजित कर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समाजजन उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। सांयकाल मंदिर परिसर में 108 दीपकों से भगवान की आरती उतारी जाएगी तथा भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से भगवान का गुणगान करेंगे।
बांसवाड़ा में भगवान आदिनाथ जन्म कल्याणक महोत्सव श्रद्धा व उमंग से मनाया जाएगा

Advertisements
