Site icon 24 News Update

मंदिर के पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की प्रथम वर्षगांठ मनाई

Advertisements

24 News Update सागवाड़ा (जयदीप जोशी)। नगर के निकटवर्ती पाडवा में हर्षोल्लास के साथ श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर के पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की प्रथम वर्षगांठ मनाई गई।
पाडवा में सकल बीसा नरसिंहपुरा दिगंबर जैन समाज द्वारा श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर एवं मानस्तंभ की पंच कल्याणक प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने पर गुरुवार को जिनालय का प्रथम पाटोत्सव प्रतिष्ठाचार्य महावीर जैन एवं प्रतिष्ठाचार्य विनोद उर्फ विरल पगारिया के सान्निध्य में श्रद्धा व उमंग के साथ मनाया गया।
समाज के संरक्षक कांतिलाल मेहता एवं अध्यक्ष जिग्नेश फलेजिया ने बताया कि प्रातः मूलनायक महावीर भगवान, सहनायक आदिनाथ भगवान, चंद्रप्रभु भगवान तथा प्राचीन आदिनाथ भगवान की प्रतिमाओं का इंद्र–इंद्राणी समूह द्वारा पंचामृत अभिषेक कर विश्व शांति हेतु शांतिधारा की गई। पंच परमेष्ठी विधान संपन्न हुआ एवं शिखर पर ध्वजा परिवर्तन किया गया। दोपहर में भगवान महावीर की प्रतिमा को गंधकुटी में विराजित कर बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो गांव के मुख्य मार्गों से होती हुई बस स्टैंड पहुँची, जहाँ युवक-युवतियों द्वारा भक्ति नृत्य व गरबा किया गया। संध्या को पुनः मंदिर पहुँचकर आरती के साथ महोत्सव संपन्न हुआ।

Exit mobile version