24 News Update उदयपुर। उदयपुर में जीवन विद्या परिवार की ओर से 21 फरवरी को दोपहर 1 बजे श्रमजीवी महाविद्यालय, नया सभागार, टाउन हॉल में जीवन विद्या शिविर की परिचय वार्ता आयोजित होगी। इसमें कोई भी जिज्ञासु भाग ले सकता है। इसके बाद 22 से 28 फरवरी तक बाहुबली विहार, टोल नाके के पास, डाकन कोटड़ा–सलूम्बर रोड पर सात दिवसीय जीवन विद्या शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में जीवन की समझ, संबंध और सुविधा पर केंद्रित विषयों के माध्यम से अशांति व मानसिक पीड़ा के कारणों पर चर्चा कर उनके समाधान समझाए जाएंगे। निःशुल्क शिविर पारिवारिक जीवन को बेहतर ढंग से जीने और समझने में सहायक होगा।
आयोजक जयंती जैन (संस्थापक: स्वास्थ्य सेतु) ने बताया कि जीवन विद्या प्रबोधक डॉ. श्याम कुमार—जो आईआईटी कानपुर के पूर्व विद्यार्थी रहे हैं—21 फरवरी को “मैं कौन हूं?”, “शरीर से मेरा संबंध क्या है?”, “शरीर की आवश्यकताएं क्या हैं?” तथा “परिवार, समाज और प्रकृति से मेरा जुड़ाव कितना है?” जैसे मूल प्रश्नों पर संवाद कराएंगे।
संयोजक पंडित धीरज वैदिक ने कहा कि डॉ. श्याम कुमार समझ, संबंध और सुविधा पर आधारित बातों को प्रस्ताव के रूप में रखते हैं; उन्हें स्वीकार या अस्वीकार करने का निर्णय सहभागी स्वयं लेते हैं। शिविर उपदेशात्मक नहीं, बल्कि दोतरफा संवाद की शैली में होगा, जिसमें सपरिवार भागीदारी संभव है।
आयोजकों के अनुसार, यह शिविर स्वयं को समझने और अपने विचारों के परीक्षण की प्रक्रिया है। इसमें सोच, मान्यताओं और कृत्यों का अवलोकन सिखाया जाता है। स्पष्ट किया जाता है कि केवल भौतिक उन्नति ही सफलता नहीं, बल्कि संबंधों और जिम्मेदारी की समझ भी आवश्यक है। शिविर तात्कालिक राहत नहीं, बल्कि मूल प्रश्नों के समाधान की दिशा में सोच विकसित करने पर केंद्रित है।
जीवन विद्या शिविर, स्वयं को समझने का अवसर, 21 को परिचय वार्ता, 22 से 28 तक सात दिवसीय शिविर

Advertisements
