Site icon 24 News Update

प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के संदेश के साथ एनएसएस शिविर का समापन

Advertisements

24 News Update उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के विधि महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन रविवार को योग प्रशिक्षण कार्यक्रम के साथ हुआ। समापन सत्र में विद्यार्थियों को योग और प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया गया।
विधि महाविद्यालय की एनएसएस इकाई प्रथम एवं द्वितीय की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्नेहा सिंह तथा डॉ. कल्पेश निकावत ने बताया कि सात दिवसीय शिविर के अंतिम दिन स्वयंसेवक विद्यार्थियों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर उदयपुर की योग प्रशिक्षक डॉ. पलक जैन ने अपनी टीम के सदस्य हितेश और प्रिया के साथ विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया।
योग सत्र के दौरान स्वयंसेवकों को प्राणायाम के साथ-साथ सूर्य नमस्कार, सेतु बंध आसन और चक्रासन सहित विभिन्न योग आसनों का अभ्यास करवाया गया। डॉ. पलक जैन ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग मानव के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है तथा इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्नेहा सिंह ने बताया कि शिविर के दौरान विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिला। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना और उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित करना रहा। समापन अवसर पर स्वयंसेवकों ने भविष्य में भी समाजोपयोगी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

Exit mobile version