Site icon 24 News Update

कोटा: बुजुर्ग किराना व्यापारी की हत्या कर लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

70 वर्षीय दुकानदार की हत्या कर चुराए थे 50 हजार रुपये, पुलिस ने वडोदरा, जयपुर, मथुरा समेत 1000 सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर जंगल में दबोचा

24 News Update जयपुर। कोटा शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग किराना दुकानदार की हत्या कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के 8 दिन बाद पुलिस ने कड़ी मेहनत और तकनीकी सर्विलांस के दम पर मुख्य आरोपी को ढाढ़ देवी नहर के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुरेन्द्र बैरवा (35) निवासी गुलाब बाड़ी, रायपुरा नशे का आदी है और पुताई का काम करता है। घटना के सम्बंध में 29 सितंबर को गुलाबबाड़ी रायपुरा निवासी बद्रीबाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके पति बाबूलाल (70) पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। आरोपी ने इमामदस्ते के मूसल से बाबूलाल के सिर और शरीर पर वार किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर बिस्तर पर गिर गए। हमलावर ने मकान का ताला तोड़कर संदूक से करीब 50 हजार की नगदी, ड्राइविंग लाइसेंस और जन आधार कार्ड चुरा लिया।
गंभीर चोटों के कारण बाबूलाल की 02 अक्टूबर को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। हत्या और लूट की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी और वृत्ताधिकारी लोकेन्द्र पालीवाल के सुपरविजन तथा थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गईं। मुल्जिम सुरेन्द्र बैरवा नशेड़ी था और कोई मोबाइल फोन इस्तेमाल नहीं करता था, जिससे पुलिस के लिए उसकी तलाश एक चुनौती बन गई।
पुलिस टीमों ने लगातार 8 दिनों तक वडोदरा गुजरात, जयपुर, बांरा और मथुरा जैसे स्थानों पर 1000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान मुखबिरों से सूचना मिली कि सुरेन्द्र बैरवा अपनी माँ से मिलने कोटा आया है। पुलिस ने जाल बिछाया, लेकिन पुलिस जाब्ते को देखकर मुल्जिम ढाढ़ देवी के जंगलों की तरफ भाग गया।
एसएचओ जितेंद्र सिंह मय जाब्ता ने पीछा किया। जब वह भागते हुए नहर रोड पर आया तब पुलिस ने उसे घेरा तो अपने आप को बचाने के लिए वह नहर में कूद गया। कांस्टेबल धर्मेन्द्र ने बहादुरी दिखाते हुए मुल्जिम के पीछे नहर में छलांग लगा दी और उसे दबोच लिया। इस दौरान मुल्जिम और कांस्टेबल दोनों को चोटें आईं, जिनका प्राथमिक उपचार करवाया गया।

हत्या का कारण
प्राथमिक पूछताछ में सुरेन्द्र बैरवा ने स्वीकार किया कि वह शराब के नशे में था और पुताई के काम से उसका नशे का खर्चा पूरा नहीं हो रहा था। 29 सितंबर को बाबूलाल को दुकान पर अकेला देखकर उसकी नीयत बिगड़ गई और उसने चोरी करने के इरादे से मूसल से हमला कर दिया। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना उद्योग नगर में एक्साइज एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी के 5 मुकदमे दर्ज है।

Exit mobile version