24 News Update चित्तौड़गढ़. चित्तौड़गढ़ स्थित मेवाड़ विश्वविद्यालय में नर्सिंग पाठ्यक्रम की मान्यता को लेकर सोमवार को कश्मीरी विद्यार्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिसर में एकत्र हुए और विश्वविद्यालय प्रशासन के विरुद्ध नारे लगाए। इस दौरान कई विद्यार्थी भावुक होकर रो पड़े और अपने भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस तथा प्रशासन से सहायता की गुहार लगाते दिखाई दिए।
प्रदर्शन के दौरान एक विद्यार्थी ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और बड़ी घटना होने से रोक दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने 17 विद्यार्थी-विद्यार्थिनियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
विज्ञापन देखकर लिया था प्रवेश
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने विज्ञापनों के आधार पर मेवाड़ विश्वविद्यालय में नर्सिंग स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था। विज्ञापन में बताया गया था कि यह पाठ्यक्रम मान्यता प्राप्त है।
बाद में विद्यार्थियों को पता चला कि इस पाठ्यक्रम को अभी तक राजस्थान नर्सिंग परिषद तथा भारतीय नर्सिंग परिषद से मान्यता प्राप्त नहीं है। विद्यार्थियों का कहना है कि इन संस्थाओं की मान्यता के बिना उनकी डिग्री वैध नहीं मानी जाएगी।
अंतिम सत्र में बढ़ी चिंता
विद्यार्थियों के अनुसार वे वर्ष 2022 बैच के हैं और इस समय उनका अंतिम सत्र चल रहा है। उनका आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार बहाने बनाकर मान्यता के मामले को टाल रहा है। कभी कहा जाता है कि प्रक्रिया चल रही है तो कभी विधानसभा सत्र के बाद मान्यता मिलने की बात कही जाती है। प्रदर्शन के दौरान कई विद्यार्थी भावुक हो गए। कुछ विद्यार्थी पुलिस के सामने रोते हुए कहने लगे कि उनके माता-पिता ने बड़ी उम्मीदों के साथ उन्हें पढ़ने के लिए भेजा है। यदि डिग्री की मान्यता नहीं मिली तो उनका पूरा भविष्य संकट में पड़ जाएगा। इस दौरान कई छात्राएं भी परेशान और भावुक दिखाई दीं। कुछ विद्यार्थी एक-दूसरे को संभालते हुए भी नजर आए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
गंगरार थाना पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान कुछ विद्यार्थियों ने आत्मदाह का प्रयास किया और राजकार्य में बाधा उत्पन्न की। इस मामले में 17 विद्यार्थियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। विद्यार्थियों की मांग है कि विश्वविद्यालय शीघ्र ही पाठ्यक्रम को मान्यता दिलाए, अन्यथा उनकी पढ़ाई और भविष्य को हुए नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजा दिया जाए।
मेवाड़ विश्वविद्यालय में कश्मीरी विद्यार्थियों का प्रदर्शन, डिग्री की मान्यता को लेकर हंगामा; आत्मदाह का प्रयास, 17 विद्यार्थी हिरासत में

Advertisements
