24 News Update भूपालसागर (अरविंद गर्ग) | भूपालसागर उपखंड क्षेत्र के समीपवर्ती ग्राम कानाखेड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को ‘प्रवेशोत्सव’ के प्रथम चरण का आयोजन किसी उत्सव की भांति किया गया, जहां नवीन शिक्षा सत्र के आगाज के साथ ही विद्यालय प्रांगण में नव-प्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत हुआ। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र मीणा एवं पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी जाकिर हुसैन मंसूरी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस समारोह का मुख्य उद्देश्य न केवल नामांकन बढ़ाना था, बल्कि विद्यार्थियों और अभिभावकों के भीतर राजकीय शिक्षा तंत्र के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करना भी रहा। समारोह के दौरान विद्यालय परिवार ने एक नई परंपरा का निर्वहन करते हुए नवागंतुक छात्र-छात्राओं को ऊपरना पहनाया, कुमकुम का तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया और मीठा मुंह करवाकर उन्हें विद्यालय की मुख्यधारा में शामिल किया।प्रवेशोत्सव के प्रथम चरण के आधिकारिक आंकड़े विद्यालय की बढ़ती लोकप्रियता की पुष्टि करते हैं। इस सत्र की शुरुआत में कक्षा 9 में 12 विद्यार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया है, जबकि कक्षा 6 में 11 नए नामांकन दर्ज किए गए हैं। वहीं, प्राथमिक शिक्षा की नीव मजबूत करने के उद्देश्य से कक्षा 1 में 08 नन्हे बालकों का दाखिला किया गया है। इन आंकड़ों को विद्यालय प्रबंधन की सक्रियता और ग्रामीण परिवेश में बढ़ती शैक्षिक चेतना के परिणाम के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने नव-प्रवेशित बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नियमित विद्यालय आने और लगन के साथ अध्ययन करने हेतु प्रेरित किया।इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह और शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र मीणा ने शिक्षा के सार्वभौमीकरण पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा केवल एक अवसर नहीं, बल्कि प्रत्येक बालक का मौलिक अधिकार है। सीबीईओ मीणा ने आह्वान किया कि विद्यालय स्टाफ और ग्रामीण परस्पर सहयोग से क्षेत्र के उन बच्चों को चिन्हित करें जो किन्हीं कारणों से पढ़ाई छोड़ चुके हैं (ड्रॉप आउट) या जिनका अभी तक कहीं नामांकन नहीं हुआ है। उन्होंने ऐसे बच्चों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता प्रतिपादित की, ताकि कोई भी बच्चा ज्ञान के प्रकाश से वंचित न रहे।शैक्षिक उल्लास से भरे इस कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के साथ-साथ बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में विनोद योगी, माधव लाल जाट, सत्यनारायण उपाध्याय, भारत कुमार, कमलेश कुमार, कैलाश चंद्र शर्मा और मसूद अली सहित कई ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी उपस्थितजनों ने राजकीय विद्यालय की गुणवत्ता सुधारने और नामांकन वृद्धि में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation भूपालसागर सीबीईओ कार्यालय में गूंजा महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन दर्शन: शिक्षा को आत्मसम्मान का हथियार बना वंचितों को मुख्यधारा में लाने का लिया संकल्प कानून को चकमा देने ‘लिव-इन पार्टनर’ के नाम कर दी आलीशान कोठी, नागौर पुलिस ने संपत्ति को किया फ्रीज