Site icon 24 News Update

“बिहू अटैक” 16 को 200 सिनेमाघरों में रिलीज, उदयपुर में मेवाड़वासियों संग फिल्म देखेंगे देव मेनारिया

Advertisements

24 News Update उदयपुर। भारतीय सेना के शौर्य, असम की समृद्ध संस्कृति और बिहू पर्व से जुड़ी ऐतिहासिक घटना पर आधारित फिल्म “बिहू अटैक” 16 जनवरी को देशभर के 200 सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होगी। बॉलीवुड अभिनेता एवं निर्देशक देव मेनारिया की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। रिलीज से पूर्व देव मेनारिया ने उदयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए।
प्रेस वार्ता के दौरान देव मेनारिया के साथ वल्लभनगर की पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र शक्तावत, इंटक प्रदेशाध्यक्ष जगदीशराज श्रीमाली, मेनारिया समाज अध्यक्ष बंशीलाल मेनारिया, फिल्म लाइन प्रोड्यूसर एवं फिल्म निर्माता मुकेश माधवानी, बद्री मेनारिया, नारायण मेनारिया सहित समाज के अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
देव मेनारिया ने बताया कि बिहू पर्व पर उनकी पहली बड़े पर्दे की फिल्म का रिलीज होना उनके लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। फिल्म का गीत “इश्क सूफियाना” पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसे लाखों दर्शकों का प्यार मिल चुका है। वहीं फिल्म के ट्रेलर ने भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। देव ने बताया कि इस फिल्म को लेकर उन्होंने देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मुलाकात की और साथ ही प्रेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
फिल्म “बिहू अटैक” की शूटिंग कश्मीर और असम के विभिन्न दुर्गम एवं रमणीय स्थलों पर की गई है, जो भारत की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ उसके जांबाज़ सैनिकों की वीरता को प्रभावशाली ढंग से दर्शाती है। फिल्म में बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकार नजर आएंगे, जिनमें अरबाज़ खान, डेजी शाह, राहुलदेव, रज़ा मुराद, हितेन तेजवानी और युक्ति कपूर प्रमुख हैं। फिल्म में देव मेनारिया लीड भूमिका निभा रहे हैं।


देव मेनारिया ने यह भी घोषणा की कि रिलीज के दिन 16 जनवरी को भारतीय सेना के जवानों के लिए फिल्म का प्रदर्शन निःशुल्क रहेगा। उन्होंने बताया कि वे इस दिन अपने परिवार और मेवाड़वासियों के साथ उदयपुर पीवीआर में फिल्म देखेंगे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत ने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र का एक साधारण परिवार से निकला बच्चा आज राष्ट्रीय स्तर पर गौरव का कारण बन रहा है। छह वर्ष की उम्र में पिता को खोने के बावजूद देव मेनारिया ने 14 वर्षों तक मुंबई में संघर्ष किया और आज “बिहू अटैक” जैसी फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जो देश के हर युवा के लिए प्रेरणा है।
इंटक प्रदेशाध्यक्ष जगदीशराज श्रीमाली ने कहा कि मेनार से मुंबई तक का देव मेनारिया का सफर उसी शौर्य और आत्मबल का प्रतीक है, जिसके लिए मेनारिया समाज ऐतिहासिक रूप से जाना जाता रहा है। उन्होंने प्रभु एकलिंगनाथ से फिल्म की सफलता की कामना करते हुए घोषणा की कि फिल्म रिलीज के बाद उदयपुर में देव मेनारिया का भव्य नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
मेनारिया समाज अध्यक्ष बंशीलाल मेनारिया ने घोषणा की कि समाज की ओर से फिल्म का एक शो पूरी तरह बुक किया गया है। वहीं पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत ने भी 16 जनवरी की शाम का शो अपनी ओर से दिखाने की घोषणा की।
फिल्म “बिहू अटैक” न केवल एक एक्शन या मनोरंजन फिल्म है, बल्कि यह भारतीय सेना के बलिदान, असम की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश भी देती है।

Exit mobile version