24 न्यूज अपडेट, सीतापुर | लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर अज्ञात हमलावरों ने दैनिक जागरण के पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई की गोली मारकर हत्या कर दी। महोली कस्बे के निवासी राघवेंद्र बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में ओवरब्रिज के पास उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया गया। गिरते ही हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल पत्रकार को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच, हमलावरों की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। आईजी रेंज प्रशांत कुमार भी सीतापुर पहुंच चुके हैं और घटनास्थल का जायजा ले रहे हैं।
धमकी मिलने का दावा
मृतक पत्रकार के परिजन जय प्रकाश शुक्ला के अनुसार, राघवेंद्र को 10 दिन पहले किसी अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी थी। घटना से पहले उन्हें किसी का फोन आया, जिसके बाद वे बाइक से घर से निकले थे। कुछ देर बाद उनकी हत्या की खबर आई।
पत्रकार के परिवार में मातम
राघवेंद्र के परिवार में उनकी पत्नी, 8 साल की बेटी अस्मिता और 10 साल का बेटा आराध्य है। उनकी हत्या की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का एक्स-रे कराया, जिससे पता चला कि उनके कपड़ों में एक गोली फंसी हुई थी।
नेताओं का दौरा, परिजनों का हंगामा
हत्या की खबर के बाद महोली के भाजपा विधायक शशांक त्रिवेदी, पूर्व सपा विधायक और राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी सहित कई नेता जिला अस्पताल पहुंचे। भाजपा विधायक ने परिजनों को दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया।
हत्या से गुस्साए परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कार्रवाई रोक दी और दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग की। उन्होंने पुलिस पर हत्या में संलिप्तता का आरोप भी लगाया और डीएम-एसपी को मौके पर बुलाने की मांग की। पुलिस अफसरों ने परिजनों को समझाने की कोशिश की और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस का बयान
अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पत्रकार की गोली मारकर हत्या हुई है। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कह रही है।

