जयपुर। निवारू रोड स्थित ज्वेलरी शोरूम में हुई सनसनीखेज लूट का जयपुर पश्चिम पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने करीब 950 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 1600 किलोमीटर तक पीछा कर उसे गिरफ्तार किया। वारदात में प्रयुक्त रेंटल कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
घटना 11 दिसंबर की है, जब एक युवक ग्राहक बनकर रतन यश ज्वेलर्स में आया। उसने सोने की चेन और चांदी का ब्रेसलेट दिखाने को कहा। बातचीत में उलझाकर आरोपी ने ट्रे में रखी चार सोने की चेन (करीब 94–95 ग्राम) और एक चांदी का ब्रेसलेट उठाया और बाहर खड़ी कार से फरार हो गया। कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
लूट के दौरान शोरूम संचालक मनोज कुमार सोनी ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की और कार के बोनट पर भी लटक गए, लेकिन आरोपी नहीं रुके और तेज रफ्तार में भाग निकले। इस संबंध में 12 दिसंबर को थाना झोटवाड़ा में मामला दर्ज कराया गया था।
9 दिन बाद खुलासा, झुंझुनूं से आरोपी गिरफ्तार
जयपुर पुलिस (वेस्ट) की गठित टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के सहयोग से आरोपी अनुज चौधरी (21) पुत्र जय सिंह, निवासी गांव कसेरू, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में चालानशुदा रह चुका है।
जुआ-सट्टा और कर्ज बना वारदात की वजह
डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद आईपीएस ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपी जुआ, सट्टा और कसीनो का शौकीन है और कर्ज के चलते उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और लूटे गए माल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई को चुनौतीपूर्ण मानते हुए अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से लेकर विभिन्न जिलों और राज्यों तक फैले रूट की कड़ियां जोड़कर आरोपी तक पहुंचा गया, जिसमें सीसीटीवी विश्लेषण की अहम भूमिका रही।

