Site icon 24 News Update

इस्काॅन मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव: भक्तों का तांता, कृष्ण लीलाओं ने मोहा मन

Advertisements

24 News Update उदयपुर। गंगूकुण्ड स्थित इस्काॅन मंदिर प्रांगण में शनिवार को जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। प्रातः मंगला आरती से ही भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था, जो देर रात तक बढ़ता ही गया। दिनभर हरे राम-हरे कृष्ण कीर्तन गूंजते रहे और श्रद्धालुओं को फलाहारी प्रसाद वितरित किया गया।
पंचामृत अभिषेक और शोभायात्रा
सायंकाल पुणे से पधारे श्यामानंद गौर प्रभु ने भगवान के जन्मोत्सव प्रसंगों की कथा सुनाई। शोभायात्रा के रूप में भगवान को नाचते-गाते मुख्य मंच तक लाया गया, जहां ब्रह्मचारी वैष्णवों ने राधाकृष्ण का पंचामृत व पुष्पों से अभिषेक किया। इस्काॅन के बच्चों ने कृष्ण लीलाओं पर आधारित नाटिकाओं और नृत्यों से दर्शकों का मन मोह लिया। हरे कृष्ण मेले में लगे विभिन्न काउंटर-स्टॉल्स पर भी भक्तों ने खूब आनंद लिया। जर्मनी से आई 6 वर्षीय फियांशी ने आंखों पर पट्टी बांधकर राधारानी की बिंदी लगाने की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि ने सभी को चकित कर दिया।
भक्ति का उल्लास
भक्तों ने अपने हाथों से लड्डू गोपाल को झूला झुलाया। फैन्सी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक रूप धारण कर सबका मन मोह लिया। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव महाआरती के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर दस हजार पकवानों का छप्पन भोग धराया गया और सैकड़ों भक्तों ने महाआरती के दर्शन किए।

Exit mobile version