Site icon 24 News Update

भूपालसागर में गूंजा ‘जय भीम’, जेसीबी से पुष्पवर्षा के बीच निकला भव्य जुलूस

Advertisements

24 News Update ​भूपालसागर (अरविंद गर्ग)। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को भूपालसागर कस्बा ‘जय भीम’ के नारों और उत्साह से सराबोर नजर आया। नीले झंडों और गूंजते आंबेडकर गीतों के बीच निकले भव्य जुलूस में जनसैलाब उमड़ पड़ा। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जुलूस पर जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा की गई। संतोषी माता मंदिर प्रांगण से शुरू हुआ जुलूस कपासन रोड, बस स्टैंड, आजाद चौक और जाशमा रोड सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान सैकड़ों युवा हाथों में नीले झंडे थामे डीजे पर बज रहे भीम गीतों की धुन पर थिरकते नजर आए। पूरे मार्ग में ‘जय भीम’ और ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा तेरा नाम रहेगा’ जैसे नारों से माहौल गुंजायमान रहा।
जुलूस का मुख्य आकर्षण ‘भीम रथ’ रहा, जिसे नीले गुब्बारों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रथ में स्थापित बाबा साहब की छवि के समक्ष युवाओं ने श्रद्धा व्यक्त की और उनके विचारों के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
नगर भ्रमण के बाद जुलूस डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार पहुंचा, जहां अनुयायियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बाबा साहब को नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इसके पश्चात अंबेडकर भवन में आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने संविधान निर्माण में बाबा साहब के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एएसआई तेजमल और एएसआई असरार खान पठान के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ।

Exit mobile version