Site icon 24 News Update

भूपालसागर में हर्षोल्लास से मनाई गई बाबासाहेब की 135वीं जयंती, विशाल रैली व जनसभा आयोजित

Advertisements

​24 News Update भूपालसागर (अरविंद गर्ग)। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को उपखंड मुख्यालय स्थित अंबेडकर भवन में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। अंबेडकर विचार मंच के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन और युवाओं की भागीदारी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत बैरवा मोहल्ला से निकली विशाल रैली के साथ हुई, जो संतोषी माता मंदिर एवं नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरी। रैली के दौरान युवा और समाजजन भीम गीतों पर झूमते नजर आए। रैली का समापन अंबेडकर भवन में आयोजित विशाल जनसभा के रूप में हुआ।
जनसभा को संबोधित करते हुए उपखंड अधिकारी महेश गगोरिया ने कहा कि बाबासाहेब के विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक शिक्षित एवं संगठित समाज का निर्माण संभव है। तहसीलदार अपूर्व गौतम तथा पूर्व विधायक शंकरलाल बैरवा ने भी बाबासाहेब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ग्राम पंचायत प्रशासक प्यारचंद भील ने बताया कि कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर द्वारा अंबेडकर भवन की चारदीवारी निर्माण की घोषणा की गई है, जिसका उपस्थित जनसमूह ने स्वागत किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लक्ष्मण सिंह चुंडावत, पूर्व समाज कल्याण अधिकारी भेरूलाल खरेलवा, पंचायत समिति सदस्य सुरेश चंद्र गाडरी, कैलाश चंद्र रैगर, अशोक कुमार चपलोत, अंकित अग्रवाल, विजय कुमार अग्रवाल, राजू तेली, राजू रावत, पूर्व सरपंच रैना खरेलवा एवं एडवोकेट निर्मल मीणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का उपरना पहनाकर एवं बाबासाहेब की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन किशन लाल बैरवा ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित लोगों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।

Exit mobile version