24 News Update अजमेर : भारतीय क्रिकेट की दुनिया में तेज गेंदबाजी से अपनी पहचान बनाने वाले इंदौर के आवेश खान अजमेर शरीफ दरगाह पहुंचे. यहां उन्होंने अपने रिश्तेदारों के साथ सूफी हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ति रहमातुल्लाह अलेही के दरबार में अकीदत की चादर और फूल पेश कर हाजरी दी. दरगाह के खादिम सैय्यद असगर अली हाशमी ने उन्हें जियारत कराई और दस्तारबंदी कर दरबार का तबर्रुक पेश किया. इस मौके पर आवेश खान के साथ उनके माता पिता भी मौजूद थे.
अजमेर दरगाह से बेहद आस्था रखने वाले आवेश खान हमेशा अपने रिश्तेदारों के साथ अजमेर आते रहे हैं. दरगाह जियारत के बाद आवेश खान ने बातचीत करते हुए बताया कि जब भी वो कोई मैच या टूर्नामेंट खेलते हैं तो उससे पहले और टूनामेंट के बाद फिर अजमेर दरगाह में हजारी जरूर लगाते हैं. सादगी और चेहरे पर मुस्कान के साथ आवेश खान ने कहा कि वो जब भी तेज बॉलिंग का प्रदर्शन करते हैं तो अपने सामने वाले किसी खिलाड़ी को टारगेट नहीं करते बल्कि अपना 100 प्रतिशत अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं. क्रिकेट मैच में खेलते हैं तो देश के लिए और करोड़ देशवासियों के लिए बेहतरीन प्रदर्शन से कुछ अच्छा कर गुजरने की तमन्ना जरूर रखते हैं.
अजमेर दरगाह में आवेश खान अपने माता पिता और रिश्तेदारों के साथ लगभग एक घंटा से ज्यादा दरगाह में ही रुके और ईशा की नमाज भी अदा की. आवेश खान इससे पहले आईपीएल टीम LSG के साथ भी अजमेर शरीफ दरगाह में हाजरी देने पहुंचे थे, जिसमें भारतीय खिलाड़ी जहिर खान समेत कई दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल थे. बता दें कि आवेश खान ने 2022 में इंडियन टीम के लिए टी-20 और वनडे में डेब्यू किया. खान ने अपना पहला टी-20 मैच 20 फरवरी 2022 को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला. अपनी तेज गेंदबाजी और अच्छे प्रदर्शन से आवेश खान ने जल्दी ही क्रिकेट प्रेमियों और एक्सपर्ट का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया. यही कारण है कि जीवन में सफलता का शुकराना अदा करने आवेश खान अकसर अजमेर दरगाह आते रहे हैं. फिलहाल आवेश खान आईपीएल में लखनऊ सुपर जेंट्स LSG ( LUCKNOW SUPER GIANTS ) से खेल रहे हैं.

