24 News update बांसवाड़ा जिले के राजतालाब थाना क्षेत्र स्थित बाहुबली कॉलोनी में रविवार सुबह करीब 7 बजे एक महिला के गले से बाइक सवार लुटेरा सोने की माला और दो चेन छीनकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला भागवंती देवी अपने घर के पास स्थित जैन मंदिर में पूजा करने जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक बाइक से आया और झपट्टा मारकर उनके गले से लगभग 9 तोला वजनी सोने की माला व दो चेन तोड़कर भाग निकला। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सीसीटीवी में कैद आरोपी
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी युवक मुंह पर रुमाल बांधे और गले में बैग लटकाए हुए बाइक पर फरार होता दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट पीड़िता के पुत्र अनिल जैन द्वारा दर्ज करवाई गई है।
खांदु कॉलोनी की ओर भागा लुटेरा
थानाधिकारी देवीलाल ने बताया कि फुटेज में आरोपी पहले बाइक से चक्कर लगाकर रैकी करता नजर आ रहा है। वारदात के बाद वह खांदु कॉलोनी की ओर भाग गया। महिला ने भी बताया कि बदमाश ने चेन तोड़ते समय “कट” जैसी आवाज आई थी।
बिना नंबर की बाइक
डीएसपी गोपीचंद के अनुसार आरोपी युवक पीछे से आकर चेन स्नैचिंग करता है। उसकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

