Site icon 24 News Update

चित्तौड़गढ़ में अवैध पेट्रोलियम रैकेट का पर्दाफाश: उदयपुर मार्ग पर दो ठिकानों पर छापे, हजारों लीटर तेल जब्त, 2 आरोपी हिरासत में

Advertisements

24 News Update चित्तौड़गढ़। जिले में अवैध पेट्रोलियम कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस और जिला रसद विभाग की संयुक्त टीम ने सदर थाना क्षेत्र में उदयपुर मार्ग स्थित भण्डारिया के पास दो अलग-अलग ठिकानों पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की, जहां बड़े पैमाने पर पेट्रोलियम पदार्थों का अवैध भंडारण और सप्लाई का खेल चल रहा था।
हजारों लीटर पेट्रोलियम व उपकरण जब्त
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से हजारों लीटर पेट्रोलियम पदार्थ बरामद किया। साथ ही तेल निकालने और भरने में उपयोग किए जाने वाले उपकरण—जैसे पंप, पाइप और बड़े ड्रम—भी जब्त किए गए। मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं से स्पष्ट हुआ कि यहां तेल के भंडारण और आगे सप्लाई की पूरी श्रृंखला संचालित की जा रही थी।
लंबे समय से चल रहा था अवैध कारोबार
अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह अवैध गतिविधि लंबे समय से बिना रोक-टोक के चल रही थी। हालांकि मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है और विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।
दो आरोपी हिरासत में, नेटवर्क की जांच तेज
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया है, जो इस पूरे नेटवर्क के संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। साथ ही एक टैंकर चालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जो टैंकरों से तेल निकालकर इन गोदामों तक पहुंचाता था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अवैध पेट्रोलियम के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
टैंकर चालकों की मिलीभगत से चलता था खेल
जांच में सामने आया है कि उदयपुर मार्ग पर स्थित ये ठिकाने टैंकरों से पेट्रोल-डीजल की चोरी के केंद्र बने हुए थे। टैंकर चालक रास्ते में रुककर गोदाम संचालकों के साथ मिलीभगत कर तेल निकालते और कम कीमत पर बेच देते थे। बाद में यही तेल अवैध रूप से बाजार में सप्लाई किया जाता था।

Exit mobile version