Site icon 24 News Update

कुंभलगढ़ में पति ने पत्नी की हत्या, 12 घंटे में जंगल से गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update राजसमंद, 14 अप्रैल। केलवाड़ा थाना क्षेत्र के चदाना का वाड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पति ने पत्नी के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया, जिसे पुलिस ने 12 घंटे के भीतर कुंभलगढ़ के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी मनमंथ आढा ने बताया कि मंगलवार सुबह गांव के लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला केसकी बाई (उम्र लगभग 40 वर्ष) का शव उसके ही घर में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके पति नरिंग (45) ने की है, जो घटना के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने शव को केलवाड़ा स्थित हीरालाल देवपुरा सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया। ग्रामीणों के अनुसार, मृतका रोज सुबह खेतों में काम करने जाती थी, लेकिन घटना वाले दिन वह नहीं पहुंची। जब एक ग्रामीण उसके घर पहुंचा तो महिला का शव खून से सना हुआ मिला, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी पति नरिंग को कुंभलगढ़ क्षेत्र के जंगलों से पकड़ लिया गया।

पीहर पक्ष ने दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के बाद मृतका के पीहर पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और भाई शंकरलाल ने आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है।

Exit mobile version