Site icon 24 News Update

महिला की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने किया प्रतापनगर थाने का घेराव, पति-ससुराल पर लगाए हत्या के आरोप

Advertisements

24 News Update उदयपुर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के बेडवास में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, भावना कुंवर नामक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी। परिजनों का आरोप है कि यह एक सुनियोजित हत्या है, जिसमें पति और ससुराल पक्ष की भूमिका है। इसके बावजूद अब तक मामला दर्ज नहीं होने पर परिवार और समाज के लोगों ने नाराजगी जताई है। घटना के विरोध में शुक्रवार को राजपूत समाज सहित विभिन्न ग्रामीणों और संगठनों के लोगों ने प्रतापनगर थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। करणी सेना और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी आरोप लगाया कि घटना के बाद से पुलिस की कार्यवाही संतोषजनक नहीं रही है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंचे डिप्टी सूर्यवीर सिंह ने प्रदर्शनकारियों से समझाइश करते हुए बताया कि मामले की जांच एडीएम स्तर पर की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत, कुबेर सिंह चावड़ा सहित करणी सेना के अर्जुन सिंह, परमवीर सिंह और प्रवीण सिंह समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Exit mobile version