24 News Update सलूंबर. जिले के सेमारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात ऐसा खौफनाक अपराध सामने आया जिसने पूरे इलाके को हिला दिया। गुड़ासर गांव के पास जहात फलां में बदमाश घर में घुसे और 65 वर्षीय गौरी तथा उसके 5 वर्षीय नाती सुरेंद्र की बेरहमी से हत्या कर दी। जिस नृशंसता के साथ वारदात को अंजाम दिया गया, उसने ग्रामीणों से लेकर पुलिस तक को सन्न कर दिया।
रात करीब 11 बजे पड़ोसियों ने अचानक घर की ओर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनीं। वे दौड़ते हुए पहुंचे तो दृश्य देख पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के हॉल में चारपाई पर सो रही गौरी और उसका मासूम नाती लहूलुहान हालत में पड़े थे। दोनों के पेट और छाती पर कई धारदार वार किए गए थे। सिर पर गंभीर चोटों के स्पष्ट निशान थे। इतना ही नहीं, पुलिस के अनुसार गौरी के पैरों को धारदार हथियार से काटा गया था और बदमाश चांदी के कड़े ले गए थे।
वारदात के वक्त परिवार के अन्य सदस्य पड़ोस में चल रहे सत्संग कार्यक्रम में गए हुए थे। गौरी और सुरेंद्र घर के हॉल में अकेले सो रहे थे। सुरेंद्र कुछ दिन पहले ही अपनी नानी के घर आया था। पुलिस का मानना है कि घटना में 2–3 बदमाश शामिल रहे होंगे, और प्राथमिक जांच में साफ हुआ है कि अपराधियों ने इसे लूट की वारदात जैसा दिखाने की कोशिश की है। SP राजेश यादव के अनुसार, “घर से कोई सामान चोरी नहीं हुआ है। सिर्फ पैरों के कड़े ले जाकर इसे लूट का रंग देने की कोशिश की गई है। दोनों की मौत सिर में गंभीर चोटों के कारण हुई है।”
डबल मर्डर की सूचना पर रात में ही डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। शनिवार सुबह सलूंबर एसपी राजेश यादव, डिप्टी चांदमल सिंगारिया समेत पूरा पुलिस दस्ता गांव पहुंचा और हत्या के हर एंगल की बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस पड़ोसियों, परिजनों और आस-पास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।
सेमारी इलाके में फैली दहशत और मासूम बच्चे के साथ बुजुर्ग महिला की ऐसी क्रूर हत्या ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है। पुलिस ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।

