Site icon 24 News Update

तेज रफ्तार कार ट्रक से भिड़ी, दो युवक घायल

Advertisements

24 News Update उदयपुर। जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेमटाल निवासी कैलाश नगारची कार चला रहा था, जो हादसे के बाद वाहन में बुरी तरह फंस गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। वहीं कार में सवार सुनील बाण भी घायल हो गया। घायलों को तत्काल गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कैलाश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एमबी अस्पताल रेफर कर दिया। सुनील का उपचार गोगुंदा अस्पताल में जारी है। हादसा खाखड़ी गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों युवक सेमटाल से उदयपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ता भटककर खाखड़ी की ओर निकल गए। तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जाकर ट्रक से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का बोनट और ड्राइवर साइड पूरी तरह पिचक गया। सूचना मिलने पर गोगुंदा थानाधिकारी श्यामसिंह चारण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाया।

Exit mobile version