24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। उदयपुर-झाड़ोल हाईवे पर रणघाटी के पास एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे महिला सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 28 यात्री घायल हो गए। बस में करीब 50 लोग सवार थे, जो एक विवाह समारोह के रिसेप्शन में शामिल होने जा रहे थे। हादसा दोपहर 12 बजे बाघपुरा थाना क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्राइवर तेज गति से बस चला रहा था, यात्रियों ने उसे कई बार धीमे चलाने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। रणघाटी के पास बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
मृतक और घायलों की जानकारी
हादसे में 50 वर्षीय सुमन (पत्नी किशन वेद, निवासी जामर कोटड़ा) और 28 वर्षीय राजू (पुत्र नाथू वेद, निवासी अजबरा) की मौत हो गई। घायलों में से 16 को गंभीर चोटें आने के कारण झाड़ोल हॉस्पिटल से उदयपुर के एमबीएस हॉस्पिटल रेफर किया गया। बस में सवार यात्री देबारी से झाड़ोल के बदराणा जा रहे थे। 21 फरवरी को जगदीश वेद (बदराणा) और पूजा वेद (देबारी) की शादी हुई थी। शनिवार को बदराणा में रिसेप्शन था, जिसमें शामिल होने के लिए दुल्हन पक्ष के लोग बस से सफर कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
बस में सवार कांता नामक महिला ने बताया कि ड्राइवर तेज रफ्तार में बस दौड़ा रहा था। यात्रियों ने उसे टोका, लेकिन उसने लापरवाही जारी रखी। जैसे ही बस रणघाटी पहुंची, वह अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। झाड़ोल के डीएसपी नेत्रपाल सिंह के अनुसार, घटना की जांच जारी है और फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है। हादसे के कारणों की गहराई से जांच की जाएगी और दोषी पर कड़ी कार्रवाई होगी।
रणघाटी में तेज रफ्तार बस हादसा : 2 की मौत, 28 घायल

Advertisements
