24 News Update उदयपुर। उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवे पर एक ट्रैक्टर को जब्त किए जाने के बाद आरटीओ अधिकारी और भाजपा नेता के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। करीब तीन मिनट के वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है, जबकि भाजपा नेता पर गाली-गलौज के आरोप भी लगाए गए हैं। जानकारी के अनुसार आरटीओ इंस्पेक्टर सुनील चौधरी ने हाईवे पर एक ऐसे ट्रैक्टर को रोका था, जिसमें बिजली के पोल लगाने के लिए गड्ढे खोदने वाली मशीन लगी हुई थी। दस्तावेजों और उपयोग को लेकर जांच के दौरान ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया। इस पर चालक ने विरोध जताते हुए भाजपा के गोगुंदा मंडल अध्यक्ष निखिल कोठारी को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कोठारी ने ट्रैक्टर और चालक को अपना बताया तथा कार्रवाई पर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई। वायरल वीडियो में कोठारी और आरटीओ कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक दिखाई दे रही है। आरटीओ कर्मचारियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।घटना के बाद आरटीओ अधिकारी सुनील चौधरी ने गोगुंदा थाने में परिवाद पेश किया है। गोगुंदा थानाधिकारी श्यामसिंह चारण ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज तथा मौके पर मौजूद लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।वहीं भाजपा नेता निखिल कोठारी ने मामले को लेकर अलग पक्ष रखा है। उनका आरोप है कि ट्रैक्टर को कमर्शियल उपयोग के आधार पर जब्त किए जाने के बाद निर्धारित 52 हजार 200 रुपए का टैक्स जमा करा दिया गया था, इसके बावजूद आरटीओ अधिकारी कथित रूप से मामले को निपटाने के लिए पहले एक लाख और बाद में 80 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। कोठारी ने गाली-गलौज के आरोपों से भी इनकार किया है।उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर में श्रमिक बैठे हुए थे और मशीन का उपयोग बिजली के पोल लगाने के लिए गड्ढे खोदने के कार्य में किया जा रहा था। उनका दावा है कि उन्होंने केवल आरटीओ अधिकारी से रुककर बातचीत करने का आग्रह किया था।फिलहाल मामले ने प्रशासनिक कार्रवाई और राजनीतिक तकरार का रूप ले लिया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और आरोपों में कितनी सच्चाई है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation विश्व पर्यावरण दिवस पर भूविज्ञान विभाग का वृक्षारोपण अभियान, स्व. प्रो. देवेन्द्र सिंह पर लिखी पुस्तक का भी वितरण जूनियर तैराक विधि सनाठ्य ने रचा इतिहास, सीनियर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बनाया नया राजस्थान रिकॉर्ड