Site icon 24 News Update

एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज में हार्टफुलनेस ध्यान कार्यशाला का आयोजन

Advertisements

24 News Update उदयपुर। हिरण मगरी सेक्टर-3 स्थित HDB Financial Services की मुख्य शाखा में एक दिवसीय हार्टफुलनेस ध्यान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में शाखा के 35 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की और प्राणाहुति आधारित ध्यान पद्धति का अनुभव किया।
कार्यक्रम में हार्टफुलनेस प्रशिक्षक एवं पूर्व मीडिया प्रभारी, महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) तथा अधिष्ठाता, मात्स्यिकी महाविद्यालय, डॉ. सुबोध कुमार शर्मा ने कॉरपोरेट जगत एवं दैनिक जीवन में आने वाली चुनौतियों और उनसे उत्पन्न तनाव से मुक्ति के सरल उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने हार्टफुलनेस मेडिटेशन पद्धति की विशेषताओं पर चर्चा करते हुए बताया कि वैश्विक मार्गदर्शक Kamlesh D. Patel (दाजी) के नेतृत्व में विश्व के 160 से अधिक देशों में हार्टफुलनेस ध्यान केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
इंटरएक्टिव एवं प्रायोगिक सत्र के दौरान प्रतिभागियों को मन पर पड़ने वाली छापों (संस्कारों) से मुक्त होने की सफाई प्रक्रिया, प्रार्थना ध्यान तथा शिथिलीकरण के साथ प्राणाहुति आधारित ध्यान का अभ्यास कराया गया। सत्र के पश्चात प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए तनाव में कमी, मानसिक शांति, ऊर्जा, प्रसन्नता एवं विचारों की स्पष्टता का अनुभव व्यक्त किया। शाखा में नियमित मासिक ध्यान सत्र आयोजित करने की भी इच्छा जताई गई।
कार्यशाला का आयोजन एचआर प्रबंधक रामचन्द्र चौहान एवं हार्टफुलनेस मेडिटेशन उदयपुर केंद्र प्रभारी डॉ. राकेश दशोरा के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम में ऑपरेशनल प्रबंधक हरीश पाटीदार, क्लस्टर प्रबंधक भारत झालानी, सीआरएम राहुल पुर्बिया, एरिया कलेक्शन प्रबंधक अविनाश यादव, सेल्स मैनेजर रूपलाल, वीरेंद्र सिंह राठौड़ सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रबंधक रामचन्द्र चौहान ने उदयपुर हार्टफुलनेस केंद्र एवं प्रशिक्षक डॉ. शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज एक प्रमुख गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) है, जिसकी स्थापना वर्ष 2007 में हुई थी। कंपनी 1158 शहरों में 1740 से अधिक शाखाओं के माध्यम से सेवाएँ प्रदान कर रही है। इसके प्रमुख उत्पादों में पर्सनल लोन, बिज़नेस लोन, संपत्ति पर ऋण, गोल्ड लोन, वाहन ऋण, उपभोक्ता वस्तु ऋण आदि शामिल हैं, साथ ही बीपीओ सेवाएँ भी प्रदान की जाती हैं। डॉ. सुबोध कुमार शर्मा हार्टफुलनेस प्रशिक्षक एवं मीडिया प्रभारी, उदयपुर केन्द्र ने यह जानकारी दी

Exit mobile version